जालंधर | विक्रमपुरा की मेन सड़क पर गंदा पानी जमा होने से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों से सीवर जाम की गंभीर समस्या बनी हुई है। सीवर का गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर फैलने से इलाके में नारकीय स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे न केवल लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, बल्कि बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम में कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। -अमित, विक्रमपुरा जालंधर | स्मार्ट सिटी जालंधर के प्रवेश द्वार माने जाने वाले पीएपी चौक की स्थिति इन दिनों बदहाल बनी हुई है। शहर में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियां और जंगली घास शहर की सुंदरता को नुकसान पहुंचा रही हैं। पीएपी चौक वह प्रमुख स्थान है, जहां से बाहरी राज्यों और शहरों से आने वाले लोग जालंधर में प्रवेश करते हैं। सड़क के दोनों ओर फैली ऊंची-ऊंची झाड़ियों के कारण फुटपाथ पूरी तरह ढक चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सफाई न होने के कारण यहां गंदगी जमा हो रही है। वहीं रात के समय अंधेरा और झाड़ियों की अधिकता के कारण सुरक्षा का खतरा भी बना रहता है। लोगों ने नगर निगम से जल्द सफाई कराने की मांग की है। – विनय अग्रवाल , छावनी स्मार्ट सिटी के प्रवेश द्वार पर झाड़ियां


