ऑटो चालक से बदसलूकी करने वाला नशे में धुत्त पुलिसकर्मी सस्पेंड किया

भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली और जनता के प्रति उसके व्यवहार को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। थाना बारादरी में ऑटो चालक से बदतमीजी करने और शराब के नशे में ड्यूटी करने के आरोप में सीपी धनप्रीत कौर ने पुलिस कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित ऑटो चालक चन्नी का ऑटो पुलिस ने इंपाउंड किया था। इसी सिलसिले में वह शनिवार को अपनी फरियाद लेकर थाना बारादरी पहुंचे थे। आरोप है कि थाने के बाहर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने चन्नी की बात सुनने के बजाय उनके साथ चिल्लाकर बात की और अपशब्दों का प्रयोग किया। पीड़ित चन्नी ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी शराब के नशे में धुत था और उसे अपमानित कर रहा था। जब पुलिस मुलाजिम से शांति से बात करने के लिए कहा तो और भड़क गया और गलत शब्दावली का इस्तेमाल करने लगा। वहीं ऑटो चालक के समर्थकों ने थाना बारादरी पहुंचकर पुलिसकर्मी की इस हरकत पर प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जनता की सुरक्षा के लिए तैनात जवान ही आम आदमी के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। थाना प्रभारी रविंदर ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। उन्होंने बताया कि मामले की प्राथमिक जांच के बाद आरोपी पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है। पुलिसकर्मी के नशे में होने की मेडिकल और विभागीय जांच की जा रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यदि जांच में आरोप सही पाए गए, तो सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *