रमना | राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा को लेकर निर्माण कंपनी की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कंपनी के सीनियर सुरक्षा अधिकारी प्रवेश पचौरी ने सड़क से गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को यातायात नियमों के प्रति सजग किया। अभियान के तहत हैंड बिल और पर्चा वितरित कर सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सड़क संकेतों का सम्मान करने की अपील की गई। प्रवेश पचौरी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जन जागरूकता सबसे अहम है। उन्होंने बताया कि एनएच-39 पर निर्माण कार्य के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतना जरूरी है। कंपनी समय-समय पर ऐसे अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करती रहेगी और लोग हमेशा सुरक्षित रहेंगे। भास्कर न्यूज | मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत आर.के. पब्लिक स्कूल उचरी में “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह” के उपलक्ष्य में एक विशेष प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्रों ने सड़क सुरक्षा पर स्लोगन, पैराग्राफ और पोस्टर बनाए। इस अवसर पर एक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्राचार्य केआर झा ने सभी छात्रों और कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों और संकेतों का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “सुरक्षित यात्रा से ही जीवन सुरक्षित रहता है।” प्राचार्य ने छात्रों को प्रेरित किया कि वे अपने माता-पिता और अभिभावकों को भी इसके प्रति जागरूक करें।और उन्हें ड्राइविंग के दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की सलाह दें। जिससे सड़क दुर्घटनाओं और हताहतों की संख्या को कम किया जा सके। प्रख्यात शिक्षाविद्, लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और आर.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष अलख नाथ पांडेय ने स्कूल के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्रों और अभिभावकों में आने वाली जागरूकता स्कूल और समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित थे।


