पत्नी के साथ घूमने निकला पंजाब का एक प्रॉपर्टी डीलर लालच में ऐसा फंसा कि सीधे थाने पहुंच गया। कोटा के स्वर्ण-रजत मार्केट में ज्वैलर्स की दुकान से मंगलसूत्र चोरी के मामले का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर चुराया गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया है। कोतवाली थाना पुलिस अधिकारी महेंद्र मारू ने बताया कि आरोपी पति राजीव कुमार पंजाब में प्रॉपर्टी का कारोबार करता है। वह अपनी पत्नी सानिया के साथ घूमने निकला था। 11 जनवरी को दोनों जयपुर पहुंचे और इसके बाद भोपाल जाने की योजना थी। रास्ते में कोटा घूमने का मन हुआ तो दोनों यहीं रुक गए। इसी दौरान सानिया के कान की एक बाली टूट गई, जिसे ठीक कराने के लिए वे सराफा बाजार पहुंचे। 15 जनवरी को स्वर्ण-रजत मार्केट स्थित नेहा ज्वैलर्स पर दंपती ग्राहक बनकर पहुंचे। उन्होंने खुद को दुबई से शादी के लिए कोटा आया बताया और सोने के गहने देखने लगे। जब दुकानदार ने छोटा मंगलसूत्र दिखाने के लिए बॉक्स में चार पीस निकाले, तभी महिला ने मौका देखकर करीब 8 ग्राम वजनी मंगलसूत्र अपने पर्स में रख लिया। दोनों एटीएम से पैसे निकालने की बात कहकर दुकान से चले गए और वापस नहीं लौटे। दुकानदार ने जब बॉक्स खोल तो उसमें से एक मंगलसूत्र गायब था। दुकानदार चंद्रशेखर सोनी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें महिला मंगलसूत्र पर्स में रखते हुए साफ नजर आई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद आरोपी भीमगंज मंडी स्थित एक होटल में रुके थे, जहां उन्होंने अपनी आईडी दी थी। इसी से पुलिस को अहम सुराग मिला। सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम के निर्देशन में कोतवाली एसएचओ महेंद्र मारू की टीम ने फोन ट्रेसिंग कर लोकेशन भिवाड़ी की ओर पाई। राजस्थान-हरियाणा सीमा पर नाकाबंदी कर दंपती को डिटेन किया गया। कोटा लाकर पूछताछ के बाद चोरी किया गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।


