अशोकनगर जिले के मुंगावली क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के एक ठिकाने पर बड़ी कार्रवाई की है। पिपरई से कुछ दूर बिजलीपुर गांव के पास नदी किनारे खेतों में जमीन के नीचे छिपाई गई टंकियों में भारी मात्रा में लहन पाया गया। रविवार तड़के सुबह आबकारी टीम ने खेतों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक स्थान पर अवैध शराब बनाने का ठिकाना मिला, जहां जमीन में बड़ी-बड़ी टंकियां गाड़कर शराब बनाने वाला लहान तैयार किया जा रहा था। इन टंकियों के ढक्कन बंद कर ऊपर से मिट्टी डाल दी गई थी। संदेह के आधार पर जांच करने पर टंकियों में लहान भरा मिला। दो लाख से ज्यादा की है लहन तलाशी के दौरान कुल 8 टंकियां बरामद हुईं, जिनमें अवैध शराब बनाने के लिए लहान रखा गया था। आबकारी विभाग ने इन सभी टंकियों को जमीन से बाहर निकालकर उनमें भरे लगभग 1 हजार 400 लीटर लहन को नष्ट कर दिया। नष्ट किए गए लहन की अनुमानित कीमत 2 लाख 12 हजार रुपए बताई गई है। मौके से 10 लीटर हाथ भट्टी से बनी शराब भी जब्त की गई। इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत चार प्रकरण दर्ज किए गए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर आदित्य सिंह के आदेश और आबकारी अधिकारी जीपी केवट के मार्गदर्शन में मुंगावली वृत्त में की गई। इसमें सहायक आबकारी अधिकारी आजाद सिंह आर्य, आबकारी उपनिरीक्षक सुरेश सिंह रघुवंशी, आरक्षक अजय सिंह तोमर, वैजन्ती खरे, शिवानी भिलाला और नगर सैनिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


