ट्रांसफॉर्मर चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार:डीडवाना-कुचामन पुलिस ने चोरी का माल बरामद किया

डीडवाना-कुचामन पुलिस ने ट्रांसफॉर्मर से सामग्री चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी किया गया ट्रांसफॉर्मर ऑयल तथा बाइंडिंग बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीडवाना हिमांशु शर्मा और वृत्ताधिकारी लाडनूं जितेन्द्र सिंह के सुपरविजन में की गई। निम्बी जोधा थानाधिकारी सिद्धार्थ प्रजापत ने टीम का नेतृत्व किया। घटना 18 दिसंबर 2025 की रात को सींवा गांव की सरहद के निकट पालोट रोड पर लगे सिंगल फेज ट्रांसफॉर्मर पर हुई थी। अज्ञात चोरों ने ट्रांसफॉर्मर से ऑयल और बाइंडिंग चुरा ली थी। इस संबंध में 22 दिसंबर 2025 को विद्युत विभाग रताऊ के जेईएन सचिन चौधरी ने निम्बी जोधा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने फील्ड इंटेलिजेंस, तकनीकी साधनों और आसूचना संकलन का उपयोग करते हुए अज्ञात आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने मुकेश पुत्र फूलचंद (22 वर्ष, निवासी रायपुरा, सीकर), दलीप पुत्र राजूराम (23 वर्ष, निवासी धौद, सीकर) और सुनिल पुत्र राजूराम (20 वर्ष, निवासी धौद, सीकर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ और अनुसंधान में तीनों की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 2 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ट्रांसफॉर्मर ऑयल और बाइंडिंग बरामद की गई। इस कार्रवाई में थानाधिकारी सिद्धार्थ प्रजापत के साथ सउनि गोपालराम, कॉन्स्टेबल अजय, लक्ष्मीनारायण, बेनीगोपाल, जसुराम और ड्राइवर कृष्ण कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *