भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिले के गोलहघाट क्षेत्र में 1500 रुपए के मामूली विवाद को लेकर जीजा ने अपने साले की हत्या कर दी थी। घटना 4 जनवरी की शाम करीब 7 बजे हुई, जब खेलसाय गोंड (37) ने अपने साले टेकराम राम गोंड (25) का गला गमछे से दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपने बाड़ी के पीछे ले जाकर जलाने की कोशिश की और साले के कपड़े भी जला दिए। इसके बाद आरोपी ने शव को वहीं दबा दिया। पुलिस की जांच और दबाव के चलते आरोपी ने शव को घर के पीछे खाई में फेंक दिया। जांच में घटना स्थल पर मिली एक चप्पल ने पुलिस को सही दिशा दी। टेकराम के छोटे भांजे ने चप्पल को अपने मामा की बताकर पहचान की। प्रारंभ में टेकराम की बहन ने घटना की जानकारी छुपाई, लेकिन पुलिस की कड़ी पूछताछ में उसने पूरा सच बता दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शव के 13 टुकड़े बरामद किए। पुलिस ने बताया कि आरोपी खेलसाय गोंड पहले भी अन्य मामलों में जेल जा चुका है। फोरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से इस हत्याकांड का खुलासा संभव हो सका। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी विपिन लकड़ा ने बताया कि घटना गांव कोरिया और सूरजपुर जिले की सीमा पर हुई, जबकि मुख्य घटना स्थल सूरजपुर जिले के चोरकी पानी क्षेत्र में था।


