51 लाख क्विंटल धान बेचा, 233 करोड़ दिए

भास्कर न्यूज | धमतरी धमतरी जिले में पंजीकृत 1.29 लाख किसानों में से अब तक 1 लाख 5 हजार किसान अपना धान बेच चुके हैं। 15 जनवरी तक कुल 51 लाख 19 हजार क्विंटल धान खरीदा जा चुका है, जिसमें से 19 लाख 28 हजार क्विंटल धान उठाव के लिए भेजा गया है। हालांकि, अभी भी सोसाइटियों में 31 लाख क्विंटल से अधिक धान जमा है। इस साल राज्य सरकार ने जिले के लिए लगभग 66 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है, जो पिछले साल के आंकड़े 61 लाख क्विंटल से ज्यादा है। बढ़ा हुआ लक्ष्य हासिल करने के लिए 15 नवंबर से खरीद प्रक्रिया शुरू की गई थी। जिले की सभी 100 सोसाइटियों में खरीदी कार्य जोर-शोर से जारी है। गुरूवार तक पूरे जिले में कुल 51 लाख 19 हजार 192 क्विंटल धान खरीदा गया, जिसकी अनुमानित लागत करीब 1213 करोड़ रुपए है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक लगभग 82 फीसदी धान की खरीद हो चुकी है। निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के लिए अभी 18 फीसदी और धान खरीदा जाना बाकी है। कोर्रा सोसाइटी के रिकॉर्ड के अनुसार, वहां के कुल 92 फीसदी किसानों ने अपना धान बेच दिया है। करेली में 91 फीसदी, धमतरी में 72 फीसदी, संबलपुर में 77 फीसदी, नगरी में 76 फीसदी, मगरलोड में 85 फीसदी, कुरूद में 85 फीसदी, नारी में 86 फीसदी, मरौद में 84 फीसदी, दरबा में 89 फीसदी और भखारा में 82 फीसदी धान की खरीदी हो चुकी है। धान बेचने के बाद जिले के किसानों ने करीब 233 करोड़ 84 लाख रुपए का कर्ज चुकाया है। इस साल खेती-बाड़ी के लिए किसानों द्वारा लगभग 267 करोड़ रुपए का कर्ज लिया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *