51 बदमाश गिरफ्तार, 4 स्थायी वारंटों का निपटारा:डीडवाना-कुचामन पुलिस की बड़ी कार्रवाई

डीडवाना-कुचामन पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने 51 आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया और 4 स्थायी गिरफ्तारी वारंटों का भी निपटारा किया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर नेमीचंद खारिया (आरपीएस) के पर्यवेक्षण में चलाया गया। वृत्ताधिकारी मकराना विक्की नागपाल (आरपीएस) ने इसका नेतृत्व किया। इस अभियान में 18 टीमों के 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। अभियान के दौरान, परबतसर पुलिस थाना ने एनडीपीएस एक्ट के तहत नवाब, महबूब और साहिल खान नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 0.79 ग्राम स्मैक और 3 किलो 205 ग्राम डोडा चूरा जब्त किया गया। आर्म्स एक्ट के तहत किनसरिया (बागरिया) निवासी आलू उर्फ आल्या पुत्र मुकेश को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक अवैध हथियार बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं, जिनकी जांच चल रही है।
अवैध शराब रखने और बेचने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कुल 7 मामले दर्ज किए गए। इनमें मकराना और पीलवा पुलिस थानों में 2-2, जबकि परबतसर, गच्छीपुरा और बडू में 1-1 मामला शामिल है। इसके अलावा, मोटर वाहन अधिनियम के तहत 3 वाहन भी जब्त किए गए। यह कार्रवाई परबतसर सेक्टर के अंतर्गत मकराना, परबतसर, गच्छीपुरा, पीलवा और बडू थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग और दबिश के माध्यम से की गई। पुलिस ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।
इस अभियान में पीलवा, मकराना, गच्छीपुरा, परबतसर और बडू के पुलिस थानों की टीमों के साथ-साथ आरपीएस प्रशिक्षुओं और वरिष्ठ अधिकारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले को अपराधमुक्त बनाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *