डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित आरोपी अरबाज उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मौलासर थाना पुलिस की टीम ने की। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीडवाना हिमांशु शर्मा और वृत्ताधिकारी डीडवाना जेतू सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई हुई। मौलासर थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह (उप निरीक्षक) ने टीम का नेतृत्व किया। यह गिरफ्तारी पुलिस थाना डीडवाना में दर्ज प्रकरण एनडीपीएस एक्ट से संबंधित है। 3 अगस्त 2025 को डीडवाना मेगा हाईवे रोड पर राजमहल होटल के पास नाकाबंदी के दौरान शुभम स्वामी और मोहम्मद जहांगीर नामक दो आरोपियों को पकड़ा गया था। उनके कब्जे से 3.16 ग्राम एमडीएमए बरामद कर जब्त किया गया था। दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। जांच के दौरान इस मामले में तीसरे आरोपी अरबाज उर्फ मोनू की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरबाज उर्फ मोनू पुत्र गौर मोहम्मद (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कृष्णापुरी, मदनगंज, किशनगढ़, पुलिस थाना गांधीनगर, जिला अजमेर का निवासी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह के साथ शम्भु सिंह, धनेश, सुखाराम, रमेश सारण और गांधीनगर थाना अजमेर से कॉन्स्टेबल राजकमल का विशेष योगदान रहा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


