भिंड में एनएच-552 से हटाया अतिक्रमण:उमरी में चला प्रशासन का बुलडोजर, हाईवे कराया खाली; चेतावनी के बाद भी नहीं हटे कब्जे

भिंड जिले के उमरी कस्बे में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-552 पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। लंबे समय से सड़क पर फैले अवैध कब्जों के कारण यातायात बाधित हो रहा था, जिस पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर हाईवे को अतिक्रमण मुक्त कराया। NH-552 उमरी कस्बे के मुख्य बाजार से होकर गुजरता है। यहां दुकानदारों द्वारा सड़क और सड़क किनारे टीनशेड, पक्के निर्माण व सामान फैलाकर हाईवे को अवैध रूप से घेर लिया गया था। इससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई थी। प्रशासन ने कार्रवाई से पहले पूरी प्रक्रिया अपनाई। राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन कर चूना डाला गया और मुनादी के जरिए अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके जब अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो तय कार्यक्रम के अनुसार आज जिला प्रशासन ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। सुबह जैसे ही प्रशासनिक अमला और बुलडोजर बाजार क्षेत्र में पहुंचे, अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा। अवैध निर्माण हटाए जाने के बाद हाईवे की चौड़ाई स्पष्ट नजर आई और यातायात सुचारू होता दिखा। कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए इसे एकतरफा बताया, वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कदम जनहित और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए उठाया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ और भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *