रामानुजनगर | विकासखंड मुख्यालय स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शनिवार को पहली बार एलूमिनी मीट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के भूतपूर्व छात्र बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और वर्तमान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के साथ अपने शैक्षणिक जीवन, संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम को विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी प्रेरणादायक बताया। विद्यालय के प्राचार्य पीसी. सोनी के नेतृत्व में आयोजित इस मिलन समारोह में शासकीय सेवाओं से सेवानिवृत्त शिक्षक, विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी और हाल ही में हायर सेकेंडरी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले पूर्व छात्र शामिल हुए। भूतपूर्व छात्र व राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित सेवा निवृत्त शिक्षक पंडित नागेंद्र उपाध्याय ने बताया कि यह रामानुजनगर का पहला स्कूल है, जिसकी स्थापना वर्ष 1957 में हुई थी। उन्होंने कहा कि इसी विद्यालय से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त कर उन्होंने उच्च शिक्षा हासिल की और बाद में इसी स्कूल में शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं। पूर्व बीईओ राजाराम सिंह, पूर्व पीटीआई मनमोहन प्रसाद, पूर्व एचएम सुधाकर शुक्ल, इस्माइल खान सहित अन्य पूर्व छात्रों ने सीमित संसाधनों के बावजूद सफलता की कहानियां साझा कीं।


