जियावन थाने से जब्त ट्रैक्टर चोरी, पुलिस सुरक्षा पर सवाल:पुलिस अभिरक्षा में खड़ा वाहन गायब, बाद में बरामद; मालिक पर केस दर्ज

सिंगरौली जिले के जियावन थाना परिसर से पुलिस अभिरक्षा में जब्त एक ट्रैक्टर चोरी हो गया। इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। जानकारी के अनुसार, शनिवार को जियावन पुलिस ने देवसर बाजार से अवैध परिवहन के आरोप में ट्रैक्टर क्रमांक UP 64 AQ 4304 को जब्त किया था। इसे थाना परिसर में खड़ा किया गया था, जिसे आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है। देर रात करीब 12 बजे अज्ञात चोर थाना परिसर के अंदर से ही इस जब्त ट्रैक्टर को लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जियावन पुलिस ने तत्काल घेराबंदी शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद रविवार दोपहर करीब 12 बजे मजौना क्षेत्र से फरार ट्रैक्टर को बरामद कर थाने वापस लाया गया। जियावन एसडीओपी गायत्री मिश्रण ने दैनिक भास्कर को बताया कि अवैध परिवहन में जब्त ट्रैक्टर रात में थाना परिसर से गायब हो गया था, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाने से ट्रैक्टर ले जाने में वाहन मालिक की भूमिका सामने आई है, जिस पर अलग से मामला दर्ज किया गया है। जब दैनिक भास्कर ने थाना परिसर से वाहन चोरी होने को पुलिस कर्मियों की लापरवाही बताया, तो एसडीओपी ने कहा कि इस बिंदु पर भी अलग से विवेचना की जा रही है। सुरक्षित माने जाने वाले थाना परिसर से हुई इस चोरी की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि आखिर किसकी मिलीभगत और किन परिस्थितियों में यह दुस्साहसिक चोरी संभव हो पाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *