मैराथन में मेडल नहीं मिलने पर खिलाड़ियों ने किया चक्काजाम:खेल परिसर के गेट पर चढ़ा खिलाड़ी, पुलिस ने समझाइश देकर नीचे उतारा

सागर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के देखरेख में रविवार को आयोजित मैराथन में हंगामा हो गया। मैराथन के विजेता खिलाड़ियों को मेडल नहीं दिए गए। जिसके विरोध में खिलाड़ियों ने खेल परिसर के सामने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। इसी दौरान एक खिलाड़ी खेल परिसर के गेट पर चढ़ गया। उसने मेडल दिलाने की मांग की। हंगामा और चक्काजाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। समझाइश देकर खिलाड़ियों को शांत कराया।मैराथन के आयोजकों से संपर्क कर खिलाड़ियों को मेडल दिलाए। जिसके बाद हंगामा शांत हो सका। आयोजकों ने मेडल और पुरस्कार देने की बात कही थी
दरअसल, रविवार सुबह इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने खेल परिसर सागर में मैराथन का आयोजन किया। मैराथन में 10 किमी, 5 किमी और 3 किमी दौड़ के पहले 50-50 विजेताओं को पुरस्कार और मेडल देने की बात कही गई। मैराथन शुरू हुई। मैराथन में शहर समेत जिले और आसपास से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मैराथन खेल परिसर से शुरू हुई और बस स्टैंड, डिग्री कॉलेज, जैन स्कूल, मेडिकल कॉलेज रोड, पॉलिटेक्निक कॉलेज, मनोरमा कॉलोनी चौराहा होते हुए वापस खेल परिसर में आकर समाप्त हुई। मेडल नहीं मिलने से गुस्साए खिलाड़ी
मैराथन के समापन पर कुछ लोगों को मेडल देने के बाद आयोजक चले। लेकिन मैराथन के विजेता खिलाड़ियों को मेडल नहीं दिए गए। यह देख खिलाड़ी भड़क गए। उन्होंने मेडल दिलाने की मांग शुरू की। सुनवाई नहीं होने पर खिलाड़ियों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने खेल परिसर के सामने बस स्टैंड-सिविल मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। खिलाड़ी सड़क पर बैठकर मेडल दिलाने की मांग करने लगे। इसी दौरान एक खिलाड़ी खेल परिसर के गेट पर चढ़ गया। हंगामे की सूचना पर गोपालगंज और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। समझाइश देकर खिलाड़ियों को शांत कराया। व्यवस्थाओं के नाम पर कुछ नहीं दिया
खिलाड़ियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि आईएमए ने मैराथन आयोजित की। दावा किया था कि मैराथन के पहले 50-50 विजेताओं को प्राइज पुरस्कार राशि और मेडल दिए जाएंगे। सभी खिलाड़ी मैराथन में दौड़े। लेकिन बाद में किसी को मेडल और प्राइज मनी नहीं दी गई। जिसको लेकर खिलाड़ी विरोध कर रहे हैं। इसके साथ ही मैराथन में व्यवस्थाओं के नाम पर कुछ नहीं था। मामले में जब इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद से संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *