बिलासपुर में बेलतरा महोत्सव का आयोजन:ग्राम पंचायत कड़री में बनेगा सामुदायिक भवन; संस्कृति मंत्री ने की घोषणा

बिलासपुर के ग्राम पंचायत कड़री स्थित ऐतिहासिक नगपुरा मैदान में बेलतरा महोत्सव का दूसरा दिन लोक कला प्रदर्शनों से गुलजार रहा। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि बेलतरा महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि यह क्षेत्र की भावनाओं, आस्था और विकास यात्रा का प्रतिबिंब है। मंत्री जायसवाल ने बताया कि ऐतिहासिक रतनपुर, जो कभी छत्तीसगढ़ की राजधानी था, उसके आसपास का बेलतरा क्षेत्र तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में सशक्त कदम बढ़ा चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास की सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार का उल्लेख किया। जायसवाल ने महतारी वंदन योजना, किसानों को उपज का उचित मूल्य और युवाओं के लिए नए अवसरों के सृजन का जिक्र किया। भविष्य में उन्होंने बेलतरा महोत्सव को वृहद स्वरूप देने की दिशा में प्रयास करने की बात कही। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और विकास के संकल्प को मजबूत करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी से बेलतरा क्षेत्र निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में विकास की नई पहचान स्थापित करेगा। सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकार अनुराग शर्मा के भजनों और प्रसिद्ध गायिका शहनाज अख्तर के गीतों ने श्रोताओं और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। संस्कृति मंत्री ने की धर्मशाला निर्माण की घोषणा महोत्सव का उद्घाटन शुक्रवार को संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने की और विशिष्ट अतिथि के रूप में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला उपस्थित रहे। राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक कला, संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं तथा इनके संरक्षण के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने मंदिर परिसर के समीप धर्मशाला निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह धर्मशाला धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के लिए सामुदायिक भवन के रूप में भी उपयोगी होगा। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जनपद उपाध्यक्ष विक्रम सिंह सहित संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला और सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल जैसे विशिष्ट अतिथि और अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *