शादी के 21 महीने बाद पता चला, पति ऑफिसर नहीं:ससुराल वालों ने झूठ बोला…बेटे को इनकम टैक्स ऑफिसर बताया; दहेज में मांगे ₹70 लाख

ग्वालियर में एक महिला इंजीनियर को शादी के 21 महीने बाद पता चला कि उसका पति न तो इनकम टैक्स ऑफिसर है और न ही उसकी कोलकाता में कोई पोस्टिंग है। जब महिला ने ससुराल पक्ष से इस संबंध में सवाल किए, तो उसके साथ प्रताड़ना शुरू कर दी गई। दरअसल, पति ने खुद को इनकम टैक्स ऑफिसर बताते हुए दहेज में 70 लाख रुपए और एक कार की मांग की थी। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। पीड़ित महिला इंजीनियर ने मामले की शिकायत पुलिस से की। मामले में शनिवार को पति पर एफआईआर दर्ज कर ली गई। जांच में सामने आया कि आरोपी के परिवार वाले और पड़ोसी भी उसे इनकम टैक्स ऑफिसर ही बताते थे। पुलिस जांच में यह भी जानकारी मिली है कि महिला का पति फिलहाल दिल्ली की जेल में बंद है, जहां उस पर उसकी प्रेमिका ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस इस जानकारी की पुष्टि कर रही है। शादी के समय बताया गया था इनकम टैक्स ऑफिसर शहर के सिटी सेंटर महलगांव निवासी 27 वर्षीय महिला इंजीनियर की शादी 21 अप्रैल 2024 को मुरैना जिले के सबलगढ़ क्षेत्र के कैमारी गांव निवासी महावीर अवस्थी (30) से हुई थी। शादी के समय महावीर के परिजनों ने बताया था कि वह इनकम टैक्स ऑफिसर है और कोलकाता में पदस्थ है। शादी से पहले बातचीत के दौरान महावीर ने खुद को इनकम टैक्स विभाग में टैक्स असिस्टेंट बताया था। शादी में महिला के मायके पक्ष ने लगभग 40 लाख रुपए खर्च किए थे। शादी के बाद शुरू हुआ शक शादी के बाद महिला को कई बार संदेह हुआ, जब पति फोन आने पर यह कहकर अचानक चला जाता था कि अर्जेंट काम आ गया है और उसकी छुट्टी रद्द हो गई है। वह कोलकाता जाने की बात कहकर निकल जाता था। कुछ महीनों बाद पति के बाहर जाने पर सास-ससुर महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे और 70 लाख रुपए और एक कार की मांग करने लगे। पति ने भी कहा कि वह इनकम टैक्स ऑफिसर है और इतना पैसा मिलना उसका हक है। रिश्तेदारों से खुला राज जब महिला ने ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों से जानकारी ली तो पता चला कि उसका पति इनकम टैक्स ऑफिसर नहीं है। जब उसने इस बारे में पति से सवाल किया तो उसने कहा, “जो करना है कर लो।” इसके बाद सास-ससुर ने महिला को घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद महिला ने महिला थाना पड़ाव में शिकायत दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि उसे धोखे में रखकर शादी की गई और 40 लाख रुपए उपहार में ले लिए गए। अब उससे और दहेज की मांग की जा रही है। गांव वालों और शादी के कार्ड से भी पुष्टि पुलिस जब आरोपी के गांव कैमारी (सबलगढ़, मुरैना) पहुंची तो ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें भी यही जानकारी थी कि राधेश्याम अवस्थी का बड़ा बेटा महावीर इनकम टैक्स विभाग में बड़ा अधिकारी है और दिल्ली में उसका बंगला है, जबकि छोटा बेटा ग्वालियर में डॉक्टर है। हालांकि गांव में रंजिश के डर से लोगों ने लिखित बयान देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शादी के कार्ड छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस संचालक से भी पूछताछ की। उसने बताया कि शादी का कार्ड उसी ने छापा था और कार्ड में लड़के के पद के रूप में “इनकम टैक्स ऑफिसर” परिजनों के कहने पर ही लिखा गया था। महिला थाना प्रभारी रश्मि सिंह भदौरिया ने बताया कि महिला की शिकायत पर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ धोखाधड़ी कर शादी करने और दहेज मांगने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के दिल्ली जेल में बंद होने की जानकारी मिली है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *