धार के राजगढ़ में फोरलेन पर यात्री बस पलटी:ओवरटेक के दौरान हादसा, 36 यात्रियों में 12 को चोट

धार जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर धुलेट से दत्तीगांव मार्ग पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 36 यात्री सवार थे। इस हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। हालांकि, 10 से 12 यात्रियों को हल्की चोटें लगने की जानकारी मिली है। सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायल सुरक्षित हैं। बस चालक रूपलाल (निवासी राजस्थान) ने बताया कि बस (क्रमांक AR 11 D 7775) जबलपुर से अहमदाबाद जा रही थी। धुलेट से आगे बढ़ने पर सामने चल रहे एक आयशर वाहन को ओवरटेक करते समय आयशर चालक ने अचानक बाईं ओर मोड़ दिया। इससे बस असंतुलित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने पुष्टि की कि लगभग 10 से 12 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं और उनका उपचार कर दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से सड़क किनारे से हटा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *