कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा मातृ शक्ति को लेकर दिए गए बयान पर विरोध तेज हो गया है। इसी का विरोध दर्ज कराते हुए रविवार को ग्वालियर में भाजपा महिला मोर्चा ने बरैया का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। मोर्चा ने कांग्रेस आलाकमान से उन्हें पार्टी से बर्खास्त करने की मांग की है। फूल सिंह बरैया अपने विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने मातृ शक्ति के संबंध में एक टिप्पणी की थी, जिसके बाद भाजपा महिला मोर्चा ने कड़ा रुख अपनाया। रविवार को भाजपा महिला मोर्चा की नेता और कार्यकर्ता मुखर्जी भवन स्थित पार्टी कार्यालय पर एकत्रित हुईं। वहां से उन्होंने महाराज बाड़ा तक एक रैली निकाली, जिसमें कांग्रेस विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती नीलिमा शिंदे ने किया। जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया भी विशेष रूप से उपस्थित थे। प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने फूल सिंह बरैया का पुतला दहन किया। उन्होंने बरैया के बयान की निंदा करते हुए उन्हें मानसिक रोगी बताया और कांग्रेस आलाकमान से उन्हें तत्काल पार्टी से निष्कासित करने की मांग दोहराई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद थीं।


