हनुमानगढ़ में संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया के ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत वृद्ध आश्रम में वार्ड संख्या एक व दो की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा में संभावित बदलावों और क्षेत्र में बढ़ते नशे के मुद्दे पर चिंता व्यक्त की। बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर गोदारा ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा को धीरे-धीरे कमजोर कर बंद करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे मजदूरों की आय घटेगी और गरीब परिवारों पर सीधा असर पड़ेगा। गोदारा ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने का आह्वान भी किया। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजीव सोनी ने बताया कि विधायक वार्डवार जनसुनवाई करेंगे और लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। पूर्व पालिका अध्यक्ष अशोक चौधरी ने शहरी चौपाल के माध्यम से जनसमस्याओं को सामने लाने की बात कही। उन्होंने वार्ड में अवैध गतिविधियों पर चिंता जताते हुए सहयोग की अपील की। विधायक अभिमन्यु पूनिया ने स्वीकार किया कि नशे को एक झटके में खत्म करना संभव नहीं है, लेकिन सामूहिक प्रयासों से इसे काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन में इच्छाशक्ति हो तो यह काम संभव है। पूनिया ने त्योहारों के दौरान शहर में गंदगी की स्थिति का जिक्र करते हुए अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नशा मुक्ति को लेकर चलाए जाने का दावा किया जा रहा अभियान जमीन पर नजर नहीं आ रहा है। नरेश बेनीवाल और रीना महंत ने भी नशे पर सख्त कार्रवाई और मनरेगा को कमजोर करने के प्रयासों का विरोध किया। वक्ताओं ने जोर दिया कि जब तक प्रशासन का डर और कठोर कार्रवाई नहीं होगी, नशे पर प्रभावी रोक संभव नहीं है। बैठक में विनोद बुडानिया, प्रकाश भाट, अनिल चोयल, संजय काली राणा, अमृत पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


