सीहोर में झपटमारी के चार आरोपी गिरफ्तार:बाल अपचारी भी शामिल; चांदी की चेन, नकदी और बाइक जब्त

सीहोर जिले की भैरुंदा पुलिस ने झपटमारी के चार आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों से एक चांदी की चेन, एक पर्स, नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त की है। तीन आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं, जिसके चलते उन पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। जानकारी के अनुसार, 16 जनवरी को ग्राम धोलपुर निवासी नीलेश राठौर ने अज्ञात तीन आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। नीलेश ने बताया था कि आरोपियों ने उनसे चांदी की चेन और पर्स सहित 12,000 रुपए झपट लिए थे। इस शिकायत के आधार पर भैरुंदा थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस की एक विशेष टीम ने घटनास्थल से जानकारी जुटाई और कुछ संदिग्धों की पहचान की। मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहायता से पुलिस ने अरमान खान, आहद खान, मोहम्मद अरशद खान उर्फ मुविन और एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। मामले की जांच के दौरान आरोपी आहद द्वारा झपटी गई चेन खरीदने की बात सामने आई, जिसके बाद उस पर चोरी का माल खरीदने की धारा भी जोड़ी गई। पुलिस ने इस मामले में कुल लगभग 90,000 रुपए का मशरुका जब्त किया है। इसमें एक चांदी की चेन, एक पर्स, 1,000 रुपए नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *