केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को सिलवानी पहुंचे। उन्होंने सिलवानी-बेगमगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। शासकीय कॉलेज ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मंत्री चौहान ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री खुद बल्ला थामकर मैदान में उतरे और बल्लेबाजी करते हुए शानदार शॉट लगाए। मंत्री को खेलते देख खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जिससे पूरा मैदान तालियों की गूंज से गूंज उठा। टीमों को पुरस्कार प्रदान किए
केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास का एक सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आयोजन ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चौहान ने खिलाड़ियों को अनुशासन, टीम भावना और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। महोत्सव के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए। क्रिकेट टूर्नामेंट में सिलवानी की टीम विजेता रही, जबकि प्रतापगढ़ की टीम उपविजेता बनी। कबड्डी प्रतियोगिता में बालिकाओं वर्ग में बेगमगंज की टीम ने जीत हासिल की, वहीं पुरुष वर्ग में सिलवानी की टीम विजेता रही। विजेता टीम को डेढ़ लाख और उपविजेता को एक लाख,तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा गया।


