डूंगरपुर की सागवाड़ा थाना पुलिस ने गधा चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित दो आरोपियों को गुजरात से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए नौ गधे भी बरामद कर लिए हैं। सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष खोईवाल ने बताया कि जालोर निवासी ओबाराम रेबारी, जो वर्तमान में सागवाड़ा के प्रतापनगर में रहते हैं, उन्होंने 1 जनवरी को एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 30 दिसंबर की रात को उनके डेरे से अज्ञात चोर नौ गधे चुराकर ले गए थे। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए एक टीम का गठन किया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपनी जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों के गुजरात के होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने गुजरात निवासी संजय बंजारा और पोपट उर्फ कालिया बंजारा को हिरासत में लिया और थाने लेकर आई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गधे चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी नौ गधे भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, जिसमें चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।


