नरसिंहपुर में रविवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के महिलाओं पर दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय स्थित सुभाष पार्क चौराहे पर विधायक बरैया का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। कांग्रेस पार्टी से निष्कासित करने की मांग प्रदर्शन के दौरान मातृशक्तियों ने जमकर नारेबाजी की और विधायक फूल सिंह बरैया को कांग्रेस पार्टी से निष्कासित करने तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। इस दौरान ‘कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद’, ‘राहुल गांधी शर्म करो’ और ‘फूल सिंह बरैया मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए गए। महिलाओं ने विधायक के बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। महिलाओं पर आपत्तिजनक बयान का विरोध इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष इंजीनियर निशा सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि फूल सिंह बरैया का बयान कांग्रेस की सोच और संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान कांग्रेस नेताओं के मन में महिलाओं के प्रति सम्मान की कमी को उजागर करता है। इंजीनियर सोनी ने कहा कि यह वक्तव्य महिलाओं तथा अनुसूचित जाति-जनजाति समाज के प्रति एक विकृत मानसिकता को प्रदर्शित करता है, जो लोकतंत्र में अस्वीकार्य है। जिलाध्यक्ष बोलीं-कांग्रेस पार्टी के विधायक पर करें कार्रवाई इंजीनियर सोनी ने आगे कहा कि महिला कोई वस्तु या प्रदर्शन की चीज नहीं है, बल्कि वह सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की प्रतीक है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को समाज में बराबरी का स्थान देने के लिए कार्य कर रही है। भाजपा की नीतियां और संगठन दोनों ही महिलाओं के सशक्तिकरण पर केंद्रित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस पार्टी विधायक बरैया पर कोई कार्रवाई नहीं करती है, तो यह महिलाओं के प्रति उनकी सोच और मौन सहमति को दर्शाएगा। इस प्रदर्शन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अनीता ठाकुर, जिला महामंत्री एडवोकेट रेखा सिंह पटेल, नगर महामंत्री रचना वर्मा, सविता कुशवाहा, सविता अग्रवाल, अर्चना सोनी, पूनम श्रीवास्तव, कामिनी सेन, सुषमा मिश्रा, शकुन नामदेव, भारती दीक्षित, बबिता नेमा, माधुरी यादव, कविता पटेल और ओशी कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।


