फलोदी जिले की बाप थाना पुलिस ने राजकार्य में बाधा पहुंचाने और डिस्कॉम कर्मचारियों से मारपीट के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने बताया-घटना 16 दिसंबर 2025 को हुई थी। डिस्कॉम की एक टीम बकाया वसूली और विजिलेंस के लिए ग्राम पंचायत मोडकिया में एक आरोपी के अवैध ट्यूबवेल पर पूछताछ कर रही थी। उसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक वहां आए और गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने एक विद्युत कर्मचारी का मोबाइल भी छीन लिया, जिससे वह मारपीट का वीडियो बना रहा था। बाप पुलिस थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खाखूरी निवासी नेपाल सिंह उर्फ नेहपाल सिंह (23) पुत्र उत्तम सिंह राजपूत और चंद्र सिंह (23) पुत्र गायड़ सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया। आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नेपाल सिंह के खिलाफ बाप पुलिस थाने में तीन और फलोदी थाने में एक मामला पहले से दर्ज है। इसी तरह, आरोपी चंद्र सिंह के विरुद्ध बाप पुलिस थाने में दो मामले पूर्व में दर्ज हैं।


