दतिया में इंदरगढ़ थाना अंतर्गत सेवड़ा रोड पर अनू पेट्रोल पंप के पास रविवार को तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक वाहन (टमटम) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गया। हादसे के समय वाहन में सामान सहित करीब आठ लोग सवार थे। इस दुर्घटना में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इंदरगढ़ अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद दतिया जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, वाहन चालक चंदन निवासी बैना, इंदरगढ़ से सवारी और सामान लेकर गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज गति के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और टमटम पलट गया। हादसे के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने मानवीयता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और इंदरगढ़ अस्पताल पहुंचाया। घायल महिला किशोरी (28) को सिर में गंभीर चोट आई है, जिनकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर किया। वहीं देव और राजाराम को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और क्षमता से अधिक सवारी को हादसे का कारण बताया है।


