जोधपुर के महामंदिर तीसरी पोल क्षेत्र में सीवरेज के पानी और उससे फैल रही बदबू से आक्रोशित होकर लोगों ने रास्ता रोककर प्रदर्शन किया। लोगों ने नगर निगम व जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीवरेज लाइनों के चोक होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है, जिससे न केवल पैदल चलना मुश्किल हो गया है, बल्कि गंभीर बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। शिकायतों के बाद भी नहीं जागा प्रशासन प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं। अधिकारियों ने बार-बार आश्वासन तो दिए, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक सीवरेज लाइन को पूरी तरह ठीक नहीं किया जाता, वे अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। यातायात हुआ प्रभावित महामंदिर तीसरी पोल रास्ता जाम करने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया। प्रदर्शन में स्थानीय लोग मुकेश मूसा,कैलाश जोगचंद,विजय चौहान,प्रकाश गोयल ,घीसूलाल पंवार,अमरचंद गुजरती,महेन्द्र चावरिया,जगदीश कड़ेला,जय लोहिया आदि शामिल हुए।


