वरदा थाना क्षेत्र के मांडव गांव के पास पेड़ से एक नाबालिग प्रेमी युगल के शव लटके मिले। दोनों के शव 15 दिन पुराने बताए जा रहे हैं, जिस वजह से बदबू भी आ रही थी। दोनों 1 जनवरी से घर से गायब थे। एक ही गोत्र के होने से परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। घर से करीब 500 मीटर दूरी पर दोनों के शव मिले है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वरदा थाने के थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान ने बताया कि सूचना मिली थी कि मांडव गांव के सांगेला तालाब के पास जंगल में एक पेड़ से युवक व युवती के शव लटके हुए है। वही शव काफी पुराने बताए जा रहे हैं, जिस वजह से काफी बदबू भी आ रही थी। सूचना पर वरदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर शवों की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी करवाई। जांच के दौरान शवों की पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को मामले की सूचना दी। सूचना पर दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में दोनों शवों को पेड़ से उतरवाया और सागवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। परिजनों के अनुसार दोनों एक दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों का गोत्र एक होने से परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हुए। जिसके बाद 1 जनवरी को दोनों घर से निकल गए थे और तब से गायब चल रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


