नरसिंहपुर पुलिस ने जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ईगल क्लॉ’ के तहत डोंगरगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार को पुलिस ने एक युवक को पकड़कर उसके कब्जे से लगभग 4.788 किलो अवैध गांजा जब्त किया। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई यह कार्रवाई एएसपी संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डोंगरगांव थाना क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है। सूचना के आधार पर टीम ने सतर्कता बरतते हुए युवक का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। एक लाख रुपए का गांजा पकड़ा पकड़े गए आरोपी की पहचान शिवकुमार ढिमोले के रूप में हुई है। वह ग्राम चिर्रिया, थाना पलोहा, जिला नरसिंहपुर का निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपए है। नेटवर्क की पूछताछ जारी पुलिस आरोपी से गांजे की खरीद-फरोख्त और उसके नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। इसका उद्देश्य अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचना और पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करना है। इनका रहा सराहनीय योगदान इस कार्रवाई में थाना प्रभारी डोंगरगांव प्रकाश पाठक, एसआई बबीता पहाड़े, सहायक उप निरीक्षक शिशुपाल सिंह, प्रधान आरक्षक आकेश तिवारी, आरक्षक अकलेश्वर प्रताप, आरक्षक दिनेश पटैल और महिला आरक्षक गिनी तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने टीम की तत्परता और मेहनत की सराहना की और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रखने का आश्वासन दिया।


