धार में 23 जनवरी, शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर भोजशाला में होने वाले अखंड हवन-पूजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को भोज उत्सव समिति ने धार शहर में एक विशाल बाल मनुहार रैली का आयोजन किया। इस रैली में हजारों बच्चों ने 23 जनवरी को भोजशाला पहुंचकर अखंड हवन-पूजन में शामिल होने का आह्वान किया। इस वर्ष बसंत पंचमी और शुक्रवार एक ही दिन पड़ने के कारण हिंदू समाज भोजशाला में सूर्योदय से सूर्यास्त तक अखंड हवन-पूजन की मांग कर रहा है। इस मांग के समर्थन में जनजागरण के उद्देश्य से शहर में लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार को बाल मनुहार रैली की शुरुआत धार शहर के लाल बाग से हुई। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रविवार शाम को भोजशाला में संपन्न हुई। रैली में शामिल बच्चे हाथों में भगवा ध्वज थामे, ताली-थाली बजाते हुए चल रहे थे और जयघोष के साथ 23 जनवरी को भोजशाला पहुंचने की अपील कर रहे थे। कुछ बच्चे डमरू और ढोल बजाकर लोगों को बसंत पंचमी पर भोजशाला आने का न्योता दे रहे थे। रैली को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखा। रैली मार्ग सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की गाड़ियां लगातार शहर में गश्त करती रहीं। बच्चों की सहभागिता वाली यह बाल मनुहार रैली जनजागरण का एक प्रभावी माध्यम बनी। इसने 23 जनवरी को भोजशाला में होने वाले अखंड हवन-पूजन के लिए व्यापक जनसमर्थन का संदेश दिया।


