रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र में रविवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसमें आरोपियों ने पहचान छुपाने के लिए एक वृद्ध दंपत्ति पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। सोहागी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के मुख्य आरोपियों करण चौधरी और जीतू उर्फ अजीत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी करने घर में घुसे थे, लेकिन बुजुर्ग दंपत्ति ने उन्हें देख लिया। बदमाशों ने बदनामी और चोरी पकड़े जाने के डर से दोनों पर हमला कर दिया। थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि यह जघन्य अपराध गांव के ही लोगों ने अंजाम दिया। आरोपियों ने शुरू में अपनी पहचान छुपाने की कोशिश की, लेकिन सख्त पूछताछ में पूरा सच सामने आ गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में हत्या और हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।पु लिस फिलहाल घटना के पीछे की साजिश और कारणों का खुलासा करने में लगी हुई है। पूरे इलाके में इस वारदात से दहशत का माहौल बना हुआ है और प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है।


