मंडला के महाराजपुर थाना क्षेत्र के बंजारा टोला में रविवार को एक वृद्ध महिला का शव बोरी में बंद मिला। शव पानी से भरे गड्ढे में डंडे से बंधा हुआ था। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर हत्या की आशंका जताई है। 6 जनवरी से लापता थी महिला मृतका की पहचान लगभग हरोती बाई (60) पति किशन उइके के रूप में हुई है। वह नैनपुर थाना क्षेत्र के खोहरी गांव की निवासी थीं और 6 जनवरी से लापता थीं। परिजनों ने नैनपुर थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नैनपुर एसडीओपी मनीष राज ने बताया कि शव बंजारा टोला में एक क्रेशर के पीछे पानी से भरे गड्ढे में मिला। मृतका के बेटे ने शव की पहचान की। महिला का सिर बोरी से बंधा था और हाथ-पैर डंडे से बंधे हुए थे, जिससे यह प्राथमिक तौर पर हत्या का मामला प्रतीत होता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा सूचना मिलने पर नैनपुर और महाराजपुर पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला गंभीर है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और महिला के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी कड़ी को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


