कोटखावदा पुलिस ने अवैध हथियार, शराब जब्त की:20 लीटर हथकड़ी शराब, 5000 लीटर वाश नष्ट; दो गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

कोटखावदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान अवैध हथियार, 20 लीटर हथकड़ी शराब जब्त की गई और करीब 5000 लीटर वाश नष्ट किया गया। पुलिस ने बताया कि यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। साउथ डीसीपी राजर्षि वर्मा ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ और पूर्व के चालानशुदा अपराधियों की आकस्मिक चेकिंग के लिए रविवार को विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। इस अभियान के तहत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और अवैध हथियार बरामद किए गए। थाना अधिकारी भरत लाल मेहरा के अनुसार, थाना अंतर्गत गांव श्रीकिशनपुरा में वारदात की फिराक में घूम रहे अभियुक्त सूरजमल बावरिया (42) पुत्र नाथूराम बावरिया को एक देसी बंदूक के साथ गिरफ्तार किया गया। वह थोरिया की ढाणी, गोपाल नगर, ग्राम पंचायत थला, थाना रेलवाल, जिला जयपुर ग्रामीण का निवासी है और वर्तमान में श्रीकिशनपुरा, कोटखावदा में रह रहा था। एक अन्य कार्रवाई में, गांव त्रिलोकीनाथपुरा में सरसों की फसल की आड़ में आरोपी श्रीराम मीणा पुत्र कालूराम मीणा को हथकड़ी शराब बनाते हुए पाया गया। पुलिस ने उसके द्वारा तैयार की गई 20 लीटर हथकड़ी शराब जब्त की और मौके पर ही करीब 5000 लीटर वाश तथा भट्ठियों को नष्ट कर दिया। हालांकि, आरोपी श्रीराम मीणा मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। इसी अभियान के तहत, आदित्य पाटीदार उर्फ टिंकू (24) पुत्र अरविंद पाटीदार निवासी नैनुपुरा मोड, कोटखावदा को भी गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक अवैध धारदार हथियार, लोहे का छुरा, जब्त किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *