खरगोन | नवग्रह मेले में इस साल कुल 30 झूले लगे हैं, जिनमें से दो झूले पहली बार दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं। रविवार को मेले में हलचल रही और लाइट शुरू होते ही शाम से लोग झूले देखने पहुंचे। इस वर्ष मेले में डांसिंग फ्लाय और जीरो ग्रेविटी मिक्सर झूला पहली बार लगाए गए हैं। झूला संचालक राजू सोनी और शुभम सोनी ने बताया कि डांसिंग फ्लाय, टोरा-टोरा झूले का अपग्रेडेड वर्जन है और सभी उम्र के लोगों के लिए रोमांचक अनुभव देगा। वहीं, जीरो ग्रेविटी मिक्सर झूला भी बच्चों और युवाओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। नपा के मेला अधिकारी महेश वर्मा ने बताया कि मेले में सभी दुकानदारों और झूलों को विद्युत कनेक्शन जारी कर दिए गए हैं और मेले की सभी व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अगले तीन-चार दिनों में खान-पान की दुकानें और मीना बाजार भी खुल जाएंगे, जिससे मेले में चहल-पहल और रौनक बढ़ जाएगी।


