खरगोन | जिले में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नर्मदा किनारे बसे गांवों में होम-स्टे योजना सफल होती नजर आ रही है। जिले में कुल 22 होम स्टे का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से अब तक 16 का निर्माण पूर्ण हो चुका है, तीन निर्माणाधीन हैं। ग्रामीण पर्यटन योजना के तहत नावघाटखेड़ी, बोथू और केरियाखेड़ी गांवों का चयन किया गया। बीते एक वर्ष में इन होम स्टे में 150 से अधिक दिनों की बुकिंग दर्ज की गई है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी पर्यटक यहां ठहर चुके हैं। इन होम स्टे को निमाड़ की पारंपरिक वास्तुकला के अनुरूप डिजाइन किया गया है, जिसमें मिट्टी, लकड़ी और कवेलू जैसे पारंपरिक सामग्री का उपयोग किया गया है, ताकि पर्यटकों को असली ग्रामीण अनुभव मिल सके। वहीं ग्रामीणों को बेहतर रोजगार मिल रहा है। अब ग्रामीण क्षेत्र में होम स्टे निर्माण को लेकर डिमांड बढ़ी है।


