चाईबासा | तांतनगर प्रखंड के न्यू सनराइज क्लब उलीडीह की ओर से मकर संक्रांति पर आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल खेल प्रतियोगिता का फाइनल शनिवार को हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मैच स्वामी ब्रदर्स चिरची बनाम पिंक सिटी के बीच खेला गया। इसमें स्वामी ब्रदर्स चिरची ने पिंक सिटी को हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर बरकुंडिया एफसी की टीम, चौथे स्थान पर संजू बाबा एफसी और पांचवें स्थान पर ड्रीम बॉयज की टीम रही। प्रतियोगिता के फाइनल सह समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरायकेला खरसावां के एसडीपीओ समीर सवैया शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मैच का शुभारंभ किया। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि खेल में भी असीम संभावनाएं हैं। खिलाड़ी नशे से दूर रहकर खेल के प्रति एक लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन से खेलें, उन्हें सफलता जरूर मिलेगी। विजेता टीम स्वामी ब्रदर्स चिरची को 21 हजार रुपए और उपविजेता टीम पिंक सिटी को 11 हजार रुपए नकद पुरस्कार दिया गया। तीसरे स्थान पर रहे बरकुंडिया एफसी को 6 हजार, चौथे स्थान पर संजू बाबा एफसी और पांचवें स्थान पर रही ड्रीम बॉयज की टीम पुरस्कार स्वरूप 5-5 हजार रुपए नकद प्रदान किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुखलाल सरदार, मिथलेश गोप, शंभू गोप, राजेंद्र गोप, मुन्ना पान, छोटा सवैया समेत आयोजन कमेटी के सत्यवान पान, साजन सवैया, राकेश गोप, जीतेन्द्र गोप समेत सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा। भास्कर न्यूज | चाईबासा चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में आयोजित मैत्री क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन अत्यंत सफल, रोमांचक एवं खेल भावना से परिपूर्ण रहा। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। फाइनल मुकाबला टीम आईपीपी और प्रेसिडेंट 11 के बीच खेला गया जिसमें आईपीपी की टीम ने 8 रनों से प्रेसिडेंट इलेवन को हरा कर जमाया इस मैच के खिताब पर कब्जा। प्रतियोगिता के प्रथम मैच में आईपीपी और सीसीसीआई ए टीम के बीच मुकाबला हुआ। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आईपीपी ने निर्धारित ओवरों में 121 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में सीसीसीआई की एक टीम 87 रन ही बना सकी और इस प्रकार आईपीपी ने 34 रनों से शानदार जीत दर्ज की। दूसरा मैच प्रेसिडेंट 11 और सीसीसीआई बी टीम के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीसीसीआई बी ने 86 रन का लक्ष्य दिया, जिसका पीछा करते हुए प्रेसिडेंट 11 ने सशक्त प्रदर्शन करते हुए 90 रन बनाकर 7 विकेट से मैच जीत लिया। दोनों विजेता टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मैच में टीम आईपीपी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और 101 रन का लक्ष्य निर्धारित किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रेसिडेंट11 ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की, लेकिन टीम 93 रन ही बना सकी। इस प्रकार आईपीपी ने फाइनल मुकाबला 8 रनों से जीतकर प्रतियोगिता पर कब्जा जमाया। प्रथम मैच मैन ऑफ द मैच: प्रियांश सिन्हा (30 रन),द्वितीय मैच मैन ऑफ द मैच: सौरभ गुप्ता (57 रन),फाइनल मैच मैन ऑफ द मैच: विकास शर्मा (17 रन एवं 3 विकेट),बेस्ट बैट्समैन: सौरभ गुप्ता, बेस्ट बॉलर: प्रियांश सिन्हा,प्लेयर ऑफ द डे: इंद्रजीत सिंह रंधावा। इस खेल महोत्सव का उद्घाटन व पुरस्कार वितरण सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के करकमलों द्वारा किया गया।


