शुभेंदु शुक्ला | अमृतसर करीब ड़ेढ साल से कूड़ा संकट झेल रहे लोगों की मुश्किलें हल करने के लिए 5 जोनों के 73 वार्डों में 205 गाड़ियां और 400 मैनुअल रिक्शा लगा दिए गए हैं। साउथ जोन के करीब 12 वार्डों में अभी गाड़ियां नहीं लग पाई हैं। हालांकि, सोमवार को 5 नई गाड़ियां पहुंचेंगी जिन्हें तत्काल लगा दिया जाएगा। अगले हफ्ते तक सभी 85 वार्डों से कूड़ा उठान का काम कवर कर लिया जाएगा। थ्री-आर कंपनी ने कूड़ा उठान न होने पर शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-203-5850 भी जारी कर दिया गया है। जिस पर रोजाना सुबह 9 से शाम 6 बजे तक शिकायतें दे सकेंगे। कूड़ा उठान को लेकर वार्डवाइज रुट तय नहीं हो पाया है। इसलिए रूटीन में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को लेकर मुश्किलें बनी हुई है। किस वार्ड के कौन सी गली में हफ्तावार गाड़ियां लगाई जानी है, इसके लिए शेड्यूल इसी हफ्ते तक फाइनल कर लिया जाएगा। जिसके बाद किस दिन गाड़ियां पहुंचेंगी यह क्लियर होने के बाद जो शिकायतें बनी हैं, वह खत्म हो जाएंगी। सबसे बड़ी समस्या यह भी आ रही कि लोग सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंक रहे। इसके अलावा गीला-सूखा कूड़ा के लिए डस्टबिन नहीं रख रहे। जिसे लेकर कम्पनी ने सिटीजन को जागरूक करने को लेकर गाड़ियों में ही लाउडस्पीकर लगाया है। जो लोगों को सड़कों पर कूड़ा नहीं फेंकने को प्रेरित कर रही। दुकानों व डोर-टू-डोर जाकर भी टीमें जागरूक कर रही है। निगम की ओर से कंपनी को कूड़ा प्रोसेसिंग के लिए 4 जोनों में ट्रांसफर स्टेशन अलॉट किए जा चुके है। साउथ में अलॉट करने की तैयारी चल रही है। जिसके लिए 3 साइटें कंपनी देख चुकी है जल्द ही कोई एक फाइनल होगी। कूड़ा उठान न होने पर शिकायतों पर सुनवाई के लिए काम करने को लेकर निगम में कंट्रोल रूम इसी हफ्ते तक सेटअप कर लिया जाएगा। शिकायतें तो ऑफिशियल टाइम में ही ली जाएंगी लेकिन कंपनी की टीमें निपटारे के लिए 24 घंटे काम करेंगी। कूड़े से संबंधित किसी भी समस्या-सुझाव के बारे घर बैठे ही लिखकर कंपनी को अपडेट करा सकेंगे। बता दें कि 205 गाड़ियों में थ्री-आर कंपनी की 125 नई तो 25 पुरानी गाड़ियां लगाई गई हैं। जबकि अवर्डा की पुरानी 55 गाड़ियां वेस्ट जोन में लगी हैं। 85 वार्डों को कवर करने के लिए 900 मैनुअल रिक्शा लगाने का टारगेट बनाया गया है। वहीं मेयर जतिंदर सिंह भाटिया का कहना है कि गीला-सूखा कूड़ा अलग रखने और सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकने के लिए सिटीजन को जागरूक करने के साथ ही अपील भी कर रहे हैं। शहर की सफाई को लेकर चली आ रही दिक्कतें जल्द ही खत्म हो जाएंगी। जनवरी तक सभी वार्ड कवर होने के अलावा रूट भी फाइनल हो जाएंगे। जल्द ही कंपनी व निगम अफसरों की मीटिंग बुलाकर आ रही मुश्किलों का हल भी कराया जाएगा। गुरुनगरी को स्वच्छ बनाने के लिए लोगों का सहयोग जरूरी है।


