भास्कर न्यूज | लुधियाना केंद्रीय जेल लुधियाना के बाहर एक हवालाती के पुलिस हिरासत से फरार होने का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को कुछ समय बाद दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार आरोपी मोहित थापर उर्फ साईं निवासी किशनपुरा रोड, जालंधर को थाना डिवीजन नंबर 5 के एक मामले में न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। 17 जनवरी 2026 को एएसआई धर्मवीर सिंह आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल लुधियाना में दाखिल कराने लेकर पहुंचे थे। जेल परिसर में डॉक्टरों की मौजूदगी में आरोपी का मेडिकल करवाया जा रहा था। इसी दौरान मेडिकल प्रक्रिया के लिए उसकी हथकड़ी खोली गई, तभी आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। हवालाती के फरार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। कुछ समय बाद आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। थाना डिवीजन नंबर 7 के जांच अधिकारी एएसआई दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी को काबू कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 5 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 और 265 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान कहीं किसी तरह की लापरवाही तो नहीं हुई।


