संजीत गुप्ता | लातेहार झारखंड में छोटानागपुर की रानी के नाम से प्रसिद्ध नेतरहाट 25 जनवरी, 2026 को एक ऐतिहासिक गौरव का गवाह बनने जा रहा है। यहां नेशनल टूरिज्म डे” पर पहली बार भव्य हिल मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन केवल पसीने और रफ्तार की जंग नहीं है, बल्कि यह बदलते झारखंड की उस तस्वीर का प्रतीक है जहां खेल, स्वास्थ्य और प्रकृति का अद्भुत तालमेल देखने को मिलेगा। प्रकृति की गोद में बसे नेतरहाट को अपनी ठंडी आबोहवा और घने जंगलों के लिए जाना जाता है। लेकिन, इस मैराथन के जरिए पहली बार स्पोर्ट्स टूरिज्म को धरातल पर उतारने की कोशिश की जा रही है। दौड़ की शुरुआत कोयल व्यू पॉइंट से होगी, जो प्रतिभागियों को नेतरहाट बाजार, ऐतिहासिक नेतरहाट स्कूल और प्रसिद्ध मैगनोलिया सनसेट पॉइंट की खूबसूरती से रूबरू कराएगी। पहाड़ों की घुमावदार सड़कों पर दौड़ते हुए धावक न केवल अपनी फिटनेस को परखेंगे, बल्कि झारखंड की अलौकिक सुंदरता को भी अपनी स्मृतियों में संजोएंगे। लातेहार टूरिज्म के गोविंद पाठक ने बताया कि इस आयोजन में रियल स्पोर्ट्स इंडिया (कोलकाता) के साथ झारखंड पर्यटन विभाग, भारत सरकार का पर्यटन मंत्रालय, लातेहार टूरिज्म और नेतरहाट होटल एसोसिएशन ने हाथ मिलाया है। यह सामूहिक प्रयास इस बात का प्रमाण है कि जब सरकारी और निजी संस्थाएं एक लक्ष्य के लिए साथ आती हैं, तो परिणाम अभूतपूर्व होते हैं। इस आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति लोगों को जोड़ना है। आयोजकों ने इसे केवल एक इवेंट तक सीमित नहीं रखकर ”पेड़ बचाओ, जंगल बचाओ” के मिशन से भी जोड़ा है। मैराथन के दौरान होने वाला पौधारोपण कार्यक्रम समाज को यह संदेश भी देगा कि विकास और खेल तभी सार्थक हैं जब हमारी प्रकृति सुरक्षित हो। मैराथन में 50 स्थानीय युवाओं को मिलेगा मुफ्त प्रवेश आयोजकों ने 50 स्थानीय युवाओं के लिए मुफ्त प्रवेश की घोषणा की है। जब स्थानीय युवा पेशेवर धावकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दौड़ेंगे, तो इससे सामाजिक समरसता और आत्मविश्वास का एक नया अध्याय शुरू होगा। यह पहल न सिर्फ ग्रामीण प्रतिभाओं को मुख्यधारा से जोड़ेगा, बल्कि उनके भीतर छिपे एथलीट को एक राष्ट्रीय स्तर का मंच भी प्रदान करेगा।


