भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी की राजनीतिक मामलों की समिति की एक उच्च स्तरीय एवं महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को प्रखंड कुडू मुख्यालय स्थित वन विभाग के विश्रामालय में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने की, जबकि लोहरदगा के माननीय विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव की गरिमामयी उपस्थिति ने बैठक की महत्ता को और बढ़ा दिया। बैठक के दौरान आगामी नगर पालिका चुनाव, पार्टी की एकजुटता तथा संगठन को और अधिक सशक्त व मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक एवं गंभीर चर्चा की गई। उपस्थित नेताओं एवं पदाधिकारियों ने संगठनात्मक मजबूती के लिए अपने-अपने सुझाव साझा किए और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने पर बल दिया। विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनसरोकारों के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। वहीं जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं, तभी पार्टी आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी। बैठक में जिला परिषद सदस्य रीना कुमारी भगत, संदीप कुमार गुप्ता, महिला जिला अध्यक्ष सीमा प्रवीण, युवा प्रदेश महासचिव विशाल डूंगडंग, नगर अध्यक्ष आरिफ हुसैन, एससी जिला अध्यक्ष संजय नायक, ओबीसी जिला अध्यक्ष जयनाथ साहू, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और संगठन को और अधिक मजबूत करने के संकल्प के साथ समाप्त हुई।


