लोहरदगा|सेवा भारती लोहरदगा के द्वारा चुन्नीलाल उच्च विद्यालय के प्रांगण में रविवार को लगातार 188वें सप्ताह निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ, डॉ. कुमुद अग्रवाल, उपाध्यक्ष अवधेश मित्तल व सचिव संजय चौधरी ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित करते हुए किया। इस अवसर पर भारत माता की जय के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद स्वास्थ्य शिविर में 39 लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। शिविर में हीमोग्लोबिन, यूरिक एसिड, ब्लड ग्रुप, शुगर, ब्लड प्रेशर, वजन, हार्ट बीट व ऑक्सीजन लेवल की जांच पूरी तरह निःशुल्क की गई, जबकि अन्य सभी जांचें रियायती दर पर उपलब्ध कराई गईं। जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सबसे बड़ी पूंजी है।


