लोहरदगा|भंडरा प्रखंड के नंदिनी जलाशय स्थित बगीचा में रविवार को भंडरा के पूर्व थाना प्रभारी अरविंद सिंह के सम्मान में एक भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी वर्ग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सम्मान समारोह में मुख्य रूप से मुख्यालय डीएसपी समीर तिर्की, बीडीओ प्रतिमा कुमारी, सीओ दुर्गा कुमार, किस्को बीडीओ संदीप साह, सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा, संजय खत्री, किशोरी मोहन शर्मा, राधा मोहन शर्मा, शिक्षक गणेश लाल, मुखिया संघ अध्यक्ष परमेश्वर महली, मुखिया इंद्रदेव उरांव, गुलाम मुस्तफा, किस्सा साहू, डबला मुखर्जी, आफताब आलम, उत्तम गुप्ता सहित प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। नंदिनी जलाशय के मनोरम वातावरण में आयोजित इस विदाई समारोह में लोगों ने पूर्व थाना प्रभारी अरविंद सिंह के कार्यकाल की मुक्तकंठ से सराहना की। भावुक माहौल में लोग उनके गले मिलते और हाथ पकड़कर अपने स्नेह व सम्मान का इजहार करते नजर आए। इस आत्मीय विदाई को देखकर अरविंद सिंह भी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए और उनकी आंखें नम हो गईं। गौरतलब है कि अरविंद सिंह ने लगभग डेढ़ वर्ष तक भंडरा थाना प्रभारी के रूप में सेवा दी। इस दौरान उन्होंने न केवल आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना बल्कि उनके समाधान के लिए ठोस कार्रवाई भी की।


