भास्कर न्यूज| जैसलमेर सम ब्लॉक के राउमावि दामोदरा में रेफ ग्लोबल एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से ब्लॉक स्तरीय विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 15 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने 55 मॉडल प्रदर्शित किए। मेले में सोलर सिस्टम, पवन चक्की, चंद्रयान, जल संरक्षण, स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम, हाइड्रोलिक ब्रिज और आधुनिक कृषि तकनीक जैसे विषयों पर आधारित मॉडल विशेष आकर्षण रहे। मुख्य अतिथि तहसीलदार सम कालूराम ने कहा कि विज्ञान मेले विद्यार्थियों की जिज्ञासा बढ़ाते हैं और उन्हें नवाचार के लिए प्रेरित करते हैं। सीबीईओ रमेशदत्त ने बच्चों में विकसित हो रहे वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की। वहीं अतिरिक्त मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद शर्मा ने ग्रामीण प्रतिभाओं के इस स्तर के प्रदर्शन को गर्व का विषय बताया। रेफ ग्लोबल की रीजनल एजुकेशन मैनेजर सुदेशना भोजिया एवं एरिया मैनेजर करिश्मा भाटी ने मॉडलों का अवलोकन कर बच्चों के आत्मविश्वास की प्रशंसा की। इससे पूर्व प्रधानाचार्य कंवराराम बामणिया ने अतिथियों का स्वागत किया। निर्णायक मंडल में कुसुम बालोच, उर्मिला एवं मुकेशसिंह शामिल रहे। इस अवसर पर सरपंच मदनलाल, रेफ ग्लोबल प्रोग्राम ऑफिसर जबराराम, चुतराराम, आम्बासिंह, मानाराम व राणसिंह सहित कई ग्रामीण व शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता आशुनाथ गोस्वामी ने किया।


