रिम्स के नए क्षेत्रीय नेत्र संस्थान में आज से शुरू हो जाएगा इलाज

रिम्स में वर्षों से प्रतीक्षित क्षेत्रीय नेत्र संस्थान (रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ ऑप्थेल्मोलॉजी) की नई बिल्डिंग आखिरकार पूरी हो गई है। करीब 11 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद सोमवार से इस भवन में रोगियों को उपचार मिलना शुरू हो जाएगा। अब नेत्र और ईएनटी से जुड़े रोगियों को पुराने भवन में नहीं, बल्कि नए अत्याधुनिक भवन में ओपीडी, भर्ती और इलाज की सुविधा मिलेगी। रिम्स नेत्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि सोमवार से ओपीडी का संचालन पूरी तरह इसी नई बिल्डिंग से किया जाएगा। वार्ड शिफ्टिंग की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और पूर्व से भर्ती मरीजों को भी नए भवन में स्थानांतरित किया जा रहा है। आगे से सभी नए रोगियों की भर्ती भी इसी भवन में की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस भवन में आई और ईएनटी विभाग का संयुक्त रूप चलेगा। जल्द ही ईएनटी विभाग की सेवाएं भी यहां शुरू कर दी जाएंगी। संस्थान के पूर्ण संचालन के लिए 50 से अधिक पदों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों और तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति प्रस्तावित है। इन नियुक्तियों के बाद ही यहां कॉर्निया ट्रांसप्लांट, अत्याधुनिक नेत्र शल्य चिकित्सा और जटिल नेत्र रोगों का समुचित इलाज संभव हो पाएगा। रिम्स प्रबंधन के अनुसार, नई बिल्डिंग का विधिवत उद्घाटन जल्द किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री से समय लेने की प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *