बीकानेर में सोमवार सुबह शहर में जहां हल्का कोहरा देखने को मिला, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में विजिबिलिटी लगभग शून्य रही। नेशनल हाइवे पर वाहनों के पहिये थम गए। हालांकि शहर में विजिबिलिटी अच्छी खासी रही और यातायात पर कोई खास असर नहीं पड़ा। पिछले दो दिनों से तापमान में आई बढ़ोतरी के बाद रविवार रात से सर्द हवाओं ने एक बार फिर कड़ाके की सर्दी का एहसास करा दिया। लूणकरनसर में भी कोहरा घना रहा। ठंड को देखते हुए जिला कलेक्टर ने स्कूलों के समय में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया है। स्कूलों का संचालन अभी भी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ही किया जा रहा है। बीकानेर के जयपुर बाइपास एरिया पर ही भारी कोहरा रहा। बाइपास चौराहे से रायसर की तरफ घना कोहरा होने से भारी वाहन सड़क किनारे खड़े हो गए। वहीं कार इत्यादि की स्पीड बहुत कम रही। भाजपा आईटी संयोजक कोजूराम सारस्वत ने बताया कि कोहरा इतना रहा कि आगे कुछ भी दिखाई नहीं दिया। वाहनों की हेडलाइट्स दिन में भी ऑन रही। स्पीड दस-बीस से ज्यादा नहीं रखी गई। लूणकरणसर में साढ़े नौ बजे तक घना कोहरा छाया रहा। यहां भी नेशनल हाइवे के आसपास वाहन खड़े रहे। कस्बे में हाइवे के पास लोग अपने वाहन रोककर चाय की चुस्कियां लेते नजर आए, वहीं कुछ वाहन चालक अलाव तापते हुए कोहरे के छंटने का इंतजार करते रहे। पिछले 4–5 दिनों का तापमान ट्रेंड बीते चार-पांच दिनों के तापमान पर नजर डालें तो बीकानेर में मौसम लगातार बदलता रहा है। सप्ताह की शुरुआत में दिन का तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, जबकि न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। इसके बाद धीरे-धीरे अधिकतम तापमान बढ़कर रविवार तक 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और न्यूनतम तापमान भी 10.1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि रविवार रात से सोमवार तड़के के बीच तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई। सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ी, लेकिन राहत की बात यह है कि सामान्य सर्द दिनों की तुलना में तापमान अब भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। सोमवार का हाल सोमवार को सुबह हल्का कोहरा रहा, लेकिन धूप निकलने के साथ ही मौसम साफ होने लगा। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और रात में सर्दी का असर ज्यादा महसूस हुआ, जबकि दिन में धूप से कुछ राहत रही। आने वाले दिनों का अनुमान मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बीकानेर में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। रात के तापमान में हल्की गिरावट और दिन में हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं। सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का कोहरा बना रह सकता है, जबकि सर्द हवाएं कड़ाके की ठंड का अहसास कराती रहेंगी। फिलहाल किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं, इसलिए मौसम में अचानक बड़े बदलाव की संभावना कम है। स्कूलों के समय में बदलाव नहीं ठंड को देखते हुए जिला कलेक्टर ने स्कूलों के समय में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया है। स्कूलों का संचालन अभी भी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ही किया जा रहा है। कुल मिलाकर बीकानेर में सर्दी का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और आने वाले दिनों में भी सुबह-शाम ठंड और दिन में हल्की राहत का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।


