कोटा के नयापुरा थाना क्षेत्र स्थित मुक्तिधाम में एक बार फिर अस्थियां चोरी होने की घटना सामने आई है। मृतक के परिजन जब तीये की रस्म के लिए मुक्तिधाम पहुंचे, तो वहां अस्थियां गायब मिलीं। इतना ही नहीं, मौके पर तांत्रिक क्रिया से जुड़ा सामान भी पड़ा हुआ मिला, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। परिजन संजय केवट ने बताया कि 17 जनवरी को उनकी दादी सत्तू बाई केवट (उम्र 70 वर्ष) का निधन हुआ था। परिवार ने विधि-विधान से अंतिम संस्कार कर घर लौट आए थे। आज तीये की रस्म के लिए जब परिवार और कॉलोनीवासी मुक्तिधाम पहुंचे, तो देखा कि अस्थियों के साथ छेड़छाड़ की गई है और कई अस्थियां गायब हैं। पास में चने तांत्रिक सामग्री भी मिली है। घटना से परिजन बेहद आहत हैं और उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करवाई। परिजनों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी इसी मुक्तिधाम से दो से तीन बार अस्थियां गायब होने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद नयापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची है।


