धौलपुर में नकली घी बनाने की शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने रीको क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री पर छापा मारा और जांच के बाद परिसर को सील कर दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम् सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जिला कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर की गई। विभाग को नकली घी बनाए जाने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद टीम ने रीको क्षेत्र में अल्फा फैक्ट्री के पास स्थित परिसर की जांच की। मौके पर पाया गया कि फैक्ट्री को दो हिस्सों में बांटा गया था। एक हिस्से में नैमिनाथ और सुधर्म ब्रांड के देसी घी के खाली पीपे, प्लेन पीपे और बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री मिली। दूसरे परिसर में आनंद लाइट और ओम लाइट ब्रांड के इंटरस्टरी फाइट फैट की पैकिंग से संबंधित सामग्री बड़ी मात्रा में रखी हुई पाई गई। छापे के दौरान दोनों परिसरों में केवल चौकीदार मौजूद था। जांच पूरी होने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने दोनों फैक्ट्री परिसरों को सील कर दिया। संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए कार्यालय में आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


