हनुमानगढ़ जिला पुलिस ने रविवार को नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई है। जंक्शन थाना पुलिस ने रविवार रात तंवर कॉलोनी से दो आरोपियों को पकड़ा। इनके पास से 10.38 ग्राम हेरोइन मिली। आरोपियों की पहचान अमन कुमार (24), निवासी चौटाला (हरियाणा) और रहमत अली (38), निवासी हनुमानगढ़ टाउन के रूप में हुई है। पीलीबंगा पुलिस ने गोलूवाला रोड पर गश्त के दौरान एक व्यक्ति को 7.98 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी हरदीप सिंह (33) खरलियां के वार्ड नंबर 5 का निवासी है। गोलूवाला पुलिस ने रविवार देर शाम गोलूवाला निवादान क्षेत्र में जेआरके नहर के पटरे के पास कार्रवाई की। उन्होंने पवन कुमार उर्फ बाबा (35), निवासी वार्ड नंबर 05, गोलूवाला निवादान को 5.90 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। सदर थाना पुलिस ने जंडावाली रोही में चिश्तिया मोड़ के पास बंद दुकानों के सामने से शाकर (40), निवासी जंडावाली को गिरफ्तार किया। उसके पास से 3.64 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।


