जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में इस बार बुक्स और सेशन के साथ आर्ट भी लोगों के बीच चर्चा में रहा। फेस्टिवल एरिया में जयपुर आर्ट वीक की ओर से लगाया गया एक आर्ट इंस्टॉलेशन लगातार विजिटर्स को अपनी ओर खींचता नजर आया। लोग सेशन के बीच रुककर इस आर्ट को करीब से देखते और उसके साथ इंटरैक्ट करते दिखे।
यह इंस्टॉलेशन जयपुर आर्ट वीक का प्रिव्यू है, जिसके जरिए शहर में होने जा रहे आर्ट इवेंट की झलक दिखाई गई। फेस्टिवल में पहुंचे साहित्य प्रेमियों को इस आर्ट के माध्यम से बताया गया कि आने वाले दिनों में जयपुर किस तरह ओपन आर्ट गैलरी बनने जा रहा है। ‘ताक-झांक 01’ में दिखी इंटरेक्टिव आर्ट की झलक
फेस्टिवल में आर्टिस्ट अंश कुमार का इंटरेक्टिव आर्ट वर्क ‘ताक-झांक 01’ लगाया गया है। 12 x 5.5 x 3 फीट साइज का यह आर्ट वर्क स्टेनलेस स्टील, मिरर, एल्यूमीनियम और रंगीन कांच से बनाया गया है। इसमें लगे मिरर आसपास की हलचल के साथ अलग-अलग पैटर्न बनाते हैं, जिससे हर दर्शक को अलग अनुभव मिलता है। अंश कुमार ने बताया कि इस आर्ट वर्क के जरिए वे यह मैसेज देना चाहते हैं कि नई सोच के लिए तय ढर्रों से बाहर निकलना जरूरी है। हल्की हवा या दर्शकों का स्पर्श ही इस आर्ट को एक्टिव कर देता है, जिससे लोग आसानी से इससे जुड़ जाते हैं।
शहर के अलग-अलग लोकेशन पर लगेंगे आर्ट इंस्टॉलेशन
जयपुर आर्ट वीक की संस्थापक और चेयरपर्सन सना रेजवान ने बताया कि उनकी कोशिश है कि आर्ट को सिर्फ गैलरी तक सीमित न रखा जाए, बल्कि आम लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने बताया कि 27 जनवरी से 3 फरवरी तक जयपुर एक ओपन आर्ट गैलरी के रूप में नजर आएगा। इस दौरान शहर के अलग-अलग लोकेशन पर आर्ट इंस्टॉलेशन लगाए जाएंगे, जहां भारत और विदेश के उभरते और स्थापित आर्टिस्ट्स का काम देखने को मिलेगा।


