खरीदी केंद्र से धान चोरी की कोशिश, युवक पकड़ा गया

भास्कर न्यूज | पोलमी ग्राम कामठी स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति में एक युवक ने धान चोरी की कोशिश की, जिसे मौके पर समिति कर्मचारियों ने धर दबोचा। घटना शनिवार रात लगभग 10 बजे की है। उक्त युवक की पहचान रामदयाल निवासी मुनमुना के रूप में की गई है। रात करीब 10 बजे युवक समिति से धान की बोरी उठाकर ले जा रहा था। समिति कर्मचारियों ने मौके पर ही उसे रोका और पुलिस के हवाले कर दिया। समिति परिसर में सरकारी धान खरीदी जारी है और किसान अपनी फसल बेचने के लिए मंडी में आ रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि ऐसे प्रयास मंडी और किसानों के लिए आर्थिक नुकसान का कारण बन सकते हैं। मामले में कुकदूर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने नशे की हालत में और पैसों की तंगी के चलते चोरी करने की कोशिश की। कुकदूर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इसके मद्देनजर धान खरीदी केंद्र परिसर में चौकीदारी बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने स्थानीय कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *