पटना | स्वर्गीय अंजनी कुमार मिश्र की स्मृति में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। आयोजन समिति ने मानवीय पहल करते हुए निर्धन वर्ग के बीच कंबल वितरण भी किया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. अंजनी कुमार मिश्र की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजक योगेन्द्र मिश्रा व उनके परिजनों द्वारा 50 लोगों को कंबलों का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि पटना नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह ने कहा, क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन और धैर्य की पाठशाला है। यह हमें सिखाता है कि जीत जितनी सुखद है, हार भी उतनी ही प्रेरणादायी हो सकती है। विशिष्ट अतिथि सौम्य महिला मंडल की उपाध्यक्ष अलका चौबे ने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। उन्होंने टीम वर्क के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सफलता अकेले नहीं, बल्कि सबके सहयोग से मिलती है। आयोजक योगेन्द्र मिश्रा ने खिलाड़ियों से अपील की कि वे हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना और निर्णायकों के फैसले का सम्मान करें।


